गम्हरिया। छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने को लेकर प्रशासन ने शुक्रवार को क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों की तैयारियों का जायजा लिया। इसी क्रम में सीओ प्रवीण कुमार एवं गम्हरिया थाना प्रभारी राजेश टुडू ने प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का अलग-अलग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा, रोशनी एवं व्रतियों की सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित पूजा समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सीओ प्रवीण कुमार ने छठ पूजा समितियों को लोक आस्था के महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह लोक आस्था का महापर्व है। इसमें सुरक्षा और शांति का वातावरण सबसे जरूरी है। श्रद्धालुओं एवं छठ व्रतियों की सुरक्षा में प्रशासन सदैव मुस्तैद है। वहीं, थाना प्रभारी राजेश टुडू ने सुदूर ग्रामीण क्षेत्र स्थित जिलिंगगोड़ा छठ घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने घाटों पर चल रहे साफ-सफाई कार्यों की जानकारी ली तथा व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने घाटों को सुरक्षित बनाने, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने तथा पहुंच पथ को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर छठ घाटों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा स्वयंसेवी संस्थाओं एवं वोलेंटियर्स को भी शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने को कहा गया है। निरीक्षण के क्रम में छोटा गम्हरिया के दो बड़े तालाबों, भोजपुर कॉलोनी, टायो क्लब समेत अन्य छठ घाटों का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने पूजा समितियों को सुरक्षा के सभी जरूरी उपाय समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। इस दौरान सभी घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया। मौके पर एसआई धीरंजन समेत कई पुलिस पदाधिकारी एवं विभिन्न छठ पूजा समितियों के सदस्य उपस्थित थे।
opinionLIVE
लेख सुनें
स्वचालित वॉयस
सीओ और थाना प्रभारी ने किया छठ घाटों का निरीक्षण, समितियों को दिए सुरक्षा के निर्देश
छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने को लेकर प्रशासन ने शुक्रवार को क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों की तैयारियों का जायजा लिया।
लेखक: संवाददाता · 13 नवंबर 2026 · अपडेट: 14 नवंबर 2026
👁19 पाठक
3 मिनट पठन
📰
स्वतंत्र पत्रकार
प्रोफ़ाइल देखें →स्वतंत्र, निर्भीक और जन-केंद्रित पत्रकारिता। झारखंड और भारत से जमीनी रिपोर्टिंग।
📅 13 नवंबर 2026⏱️ 3 मिनट पढ़ें👁️ 19 बार पढ़ा गया✍️ संवाददाता




