गम्हरिया। व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत जिला स्तरीय कौशल विकास प्रतियोगिता का आयोजन गुरुवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) परिसर में किया गया । समग्र शिक्षा, सरायकेला-खरसावां की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में जिले के 26 विद्यालयों के करीब 150 विद्यार्थियों ने 10 अलग-अलग ट्रेड में भाग लेकर अपनी प्रतिभा और हुनर का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने कौशल विकास से संबंधित विभिन्न मॉडल और प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा समेत अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मौके पर डीईओ ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मौलिकता पर विशेष ध्यान देने और अपने कौशल को रचनात्मक दिशा देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि व्यावसायिक शिक्षा विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख बनाने के साथ उनकी प्रतिभा निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इलेक्ट्रॉनिक्स एंड हार्डवेयर में प्रकाश सिंह मंडल प्रथम प्रतियोगिता के इलेक्ट्रॉनिक्स एंड हार्डवेयर ट्रेड में एनआर डिस्ट्रिक्ट सीएमएसओई सरायकेला के प्रकाश सिंह मंडल ने स्मार्ट होम प्रोजेक्ट प्रस्तुत कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। उत्क्रमित उच्च विद्यालय कपाली की समां प्रवीण एवं समूह को रिवर क्लीनर प्रोजेक्ट के लिए दूसरा तथा राजकीयकृत उच्च विद्यालय तिरुलडीह के रोहित कुमार मंडल एवं समूह को इलेक्ट्रॉनिक डस्टबिन के लिए तीसरा स्थान मिला। रिटेल ट्रेड में केजीबीवी गम्हरिया की नमिता महतो एवं समूह प्रथम रहे। मीडिया एंड एंटरटेनमेंट में एनआर डिस्ट्रिक्ट सीएमएसओई की सकीला महतो एवं समूह ने बाजी मारी। एग्रीकल्चर में उच्च विद्यालय ईचा की सुष्मिता आचार्य एवं समूह तथा ऑटोमोटिव ट्रेड में उत्क्रमित उच्च विद्यालय बनसा के नेपाल बेसरा एवं समूह प्रथम रहे। हेल्थकेयर में एसएस प्लस टू चांडिल के आकाश कुंडू एवं समूह, मल्टी स्किल में उच्च विद्यालय रघुनाथपुर के अभिजीत महतो एवं समूह, आईटी में एनआर डिस्ट्रिक्ट सीएमएसओई के हर्षित कुमार एवं समूह, अपेरल में कस्तूरबा गांधी नीमडीह की चांदनी गोराई एवं समूह तथा टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी में एसएस गम्हरिया के दिव्यांशु कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ये थे उपस्थित कार्यक्रम में सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी अलका लकड़ा, अतिरिक्त कार्यक्रम पदाधिकारी जॉन मैथ्यू, प्रमोद जायसवाल, रघुवर तिवारी, जिला एमआईएस संयोजक अमित विश्वकर्मा, एमआरपी रवि कुमार सुल्तानिया, दीपक कुमार महतो सहित व्यावसायिक शिक्षक उपस्थित थे। आयोजन को सफल बनाने में रिसोर्स शिक्षकों, बीआरपी, सीआरपी एवं डाइट कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।