गम्हरिया। टाटा कॉम्प्लेक्स कॉलोनी में शुक्रवार को दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन टिस्को मजदूर यूनियन के अध्यक्ष सह पूजा कमेटी के संरक्षक राकेश्वर पांडेय और टीजीएस चीफ पंचम टांक ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर राकेश्वर पांडेय ने कहा कि मां दुर्गा की आराधना से जीवन में सुख-शांति आती है और मनोकामनाएं पूरी होती हैं। शक्ति की पूजा से समाज में व्याप्त दानवीय शक्तियों और बुराइयों का अंत होता है। टीजीएस चीफ पंचम टांक ने कहा कि टाटा कॉम्प्लेक्स कॉलोनी में पिछले 55 वर्षों से दुर्गा पूजा का आयोजन होना गौरव की बात है। यहां बच्चों की ओर से प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम इस आयोजन की विशेष पहचान है। उन्होंने मां दुर्गा से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की कामना की। वहीं, चीफ मनोज पांडेय ने कहा कि दुर्गा पूजा में मां दुर्गा के नौ रूपों की आराधना के माध्यम से नारी शक्ति का महत्व दर्शाया जाता है। कार्यक्रम में बच्चों ने गणेश वंदना प्रस्तुत की। इसके बाद मधुलिका सिंह के नेतृत्व में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। पूजा समिति की ओर से अतिथियों को माता की चुनरी भेंटकर सम्मानित किया गया। समिति के अध्यक्ष शिव लखन सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कॉलोनी में दुर्गा पूजा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शक्ति की आराधना से सकारात्मक ऊर्जा और सद्भाव का संचार होता है। मौके पर कुमार विवेक, बीके छावड़ा, मुकेश कुमार, ओपी पांडेय, सुधीर मिश्रा, नवीन कुमार सिन्हा, दिलीप महतो, भुवनेश पारिक, राकेश सिंह चंदेल, डीसी उपाध्याय, कौशल कुमार और जयंत चटर्जी समेत कमेटी के सदस्य एवं कॉलोनीवासी उपस्थित थे।