गम्हरिया। छोटा गम्हरिया स्थित श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी के भव्य दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन शुक्रवार, 16 अक्टूबर को शाम छह बजे किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पश्चिम सिंहभूम की सांसद जोबा मांझी शामिल होंगी, जबकि झारखंड सरकार के परिवहन एवं भू-राजस्व मंत्री दीपक बिरुआ पंडाल का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम में ईचागढ़ की विधायक सविता महतो, पूर्व सांसद सुमन महतो, सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी तथा एसडीएम अभिनव प्रकाश विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारी सह झामुमो जिला संगठन सचिव अमृत महतो एवं बाबू मिश्रा ने बताया कि छोटा गम्हरिया का यह प्रमुख पूजा पंडाल क्षेत्र में विशेष पहचान रखता है। दिवंगत सांसद सुनील महतो के समय से इस पूजनोत्सव की परंपरा जुड़ी रही है। पंडाल की भव्यता देखने के लिए दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि बंगाल के प्रसिद्ध कारीगरों की ओर से पंडाल का निर्माण किया गया है। कमेटी की संयोजक खांदो देवी, अध्यक्ष सुसेन महतो और सचिव फुलकांत झा ने गणमान्य लोगों एवं श्रद्धालुओं से उद्घाटन समारोह में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। समिति के अध्यक्ष सुसेन महतो ने बताया कि छोटा गम्हरिया में पिछले 49 वर्षों से लगातार दुर्गापूजा का आयोजन होता आ रहा है। उन्होंने बताया कि इस पूजनोत्सव की शुरुआत पूर्वी सिंहभूम के दिवंगत सांसद सुनील महतो द्वारा की गई थी। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए समिति इस वर्ष भी भव्य आयोजन की तैयारी में जुट गई है। बताया कि आकर्षक कलाकारी और भव्य सजावट से तैयार होने वाला यह पंडाल दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा।