आदित्यपुर। संस्था द वारियर्स ऑफ कोल्हान की ओर से 94वां भारतीय वायुसेना दिवस धूमधाम से मनाया गया। आदित्यपुर के एक होटल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के पूर्व सैनिक अपने परिवारों के साथ शामिल हुए। इस दौरान देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ 1971 के भारत-पाक युद्ध में लड़ाकू विमान नेट से 130 बार पाकिस्तानी सीमा में घुसकर हमले करने वाले तथा वायुसेना मेडल से सम्मानित एयर कोमोडोर स्व. भूपेंद्र सिंह मारवा की पत्नी मनजीत मारवा ने उपस्थित महिलाओं के साथ केक काटकर किया। इस अवसर पर मनजीत मारवा ने कहा कि एक सैनिक सिर्फ अपनी ड्यूटी नहीं करता, बल्कि स्वयं को देश के नाम समर्पित कर देता है। सैनिकों के त्याग और बलिदान के साथ उनके परिवारों, विशेषकर सैनिकों की पत्नियों के योगदान और समर्पण को भी सर्वोपरि बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष एवं पूर्व वायुसैनिक एस. शेखर ने की। उन्होंने वर्ष 1932 से लेकर अब तक भारतीय वायुसेना के गौरवशाली इतिहास, उपलब्धियों और देश की सुरक्षा में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देशसेवा के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान देशभक्ति से जुड़ी प्रस्तुतियों ने सभी में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत किया। मौके पर पवन मारवा, पूर्व सैनिक कैप्टन अनिल कुमार महतो, सुभाष कुमार, अर्जुन भगत, प्रकाश पांडेय, सत्यवान महतो, समृद्ध तिवारी, राजेंद्र शर्मा और एसएस शर्मा समेत कई पूर्व सैनिक एवं उनके परिवार के सदस्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन देवशरण कुमार सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बीसी प्रमाणिक ने किया।