गम्हरिया। आदित्यपुर के वनस्थली प्ले स्कूल में संस्थान का 10वां स्थापना दिवस अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. नथुनी सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह का दिल जीत लिया। बच्चों ने देशभक्ति गीतों, लोकनृत्यों और लघु नाटिकाओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिस पर अभिभावकों और दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। स्कूल की प्रधानाचार्या सरस्वती झा ने संस्थान की 10 वर्षों की उपलब्धियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि बीते 10 वर्षों में स्कूल का उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सर्वांगीण विकास के लिए सुरक्षित और खुशहाल माहौल देना रहा है। उन्होंने अभिभावकों के निरंतर विश्वास और सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि डॉ. नथुनी सिंह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मेडल व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही, उन्होंने सरायकेला में आयोजित एथलेटिक्स चैंपियनशिप के शॉटपुट एवं हैमर थ्रो में स्वर्ण पदक जीतने वाली वार्ड 15 निवासी रमेश तिवारी की पुत्री रीत कुमारी को विशेष रूप से पुरस्कृत कर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने स्कूल प्रबंधन व शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के निदेशक देव झा ने सभी अतिथियों एवं विद्यालय परिवार को धन्यवाद ज्ञापित किया। मंच पर मुख्य रूप से डॉ. नथुनी सिंह, रंजीत श्रीवास्तव, एस.डी. प्रसाद, दिग्विजय भारत, विनोद वार्ष्णेय, रंजीत कुमार तथा धनंजय सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में आस्था झा, श्रद्धा झा, दुर्गा झा, आलोक झा, रीता कुमारी और मंजू शर्मा का सराहनीय योगदान रहा। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। मौके पर स्कूल स्टाफ, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद थे।
opinionLIVE
लेख सुनें
स्वचालित वॉयस
वनस्थली प्ले स्कूल ने धूमधाम से मनाया 10वां स्थापना दिवस, बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने जीता दिल
आदित्यपुर के वनस्थली प्ले स्कूल में संस्थान का 10वां स्थापना दिवस अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया।
लेखक: संवाददाता · 8 सितंबर 2026
👁38 पाठक
3 मिनट पठन




