गम्हरिया। दुग्धा पंचायत भवन में पूर्व के वल्लभ स्टील एवं वर्तमान टाटा स्टील गम्हरिया के जमीनदाता परिवार की आमसभा का आयोजन किया गया। बैठक में जमीनदाताओं की लंबित समस्याओं, अधिकार, रोजगार, मुआवजा और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। सदस्यों ने अपने हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने और समिति को मजबूत बनाने पर जोर दिया। बैठक की अध्यक्षता दुग्धा पंचायत के मुखिया मोहन बास्के ने की। मुख्य अतिथि झारखंड आंदोलनकारी हरमोहन महतो ने कहा कि जमीनदाता परिवारों को उनके संवैधानिक और कानूनी अधिकार दिलाने के लिए संगठित प्रयास जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों और जमीनदाता परिवारों से एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करने तथा आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। आमसभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जमीनदाताओं की लंबित समस्याओं को प्रशासन और कंपनी प्रबंधन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा। बैठक का संचालन संजय मंडल ने किया। समिति की अगली बैठक 20 सितंबर को आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर दुग्धा ग्राम के ग्राम प्रधान दुर्योधन प्रधान, देवाशीष प्रधान, जगदीश कैवर्त, गुरबा बास्के, विकास दास, अजय कुमार महतो, बाबूलाल प्रधान और शिशिर मंडल उपस्थित थे।