आदित्यपुर। भारत संस्कार ट्रस्ट की ओर से शिक्षा सप्ताह-2026 के तहत भाटिया बस्ती स्थित संस्कार प्ले स्कूल में देशभक्ति एवं लोक संस्कृति आधारित एकल नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं निर्णायक अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त नृत्यांगना डॉ. मीनाक्षी मधुरिमा थीं। सम्मानित अतिथियों में वरिष्ठ नागरिक संघ के अध्यक्ष रामचंद्र पासवान, भारत संस्कार ट्रस्ट के महासचिव सह वार्ड पार्षद डॉ. नथुनी सिंह और संगठन सचिव प्रमोद गुप्ता शामिल थे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद एकल नृत्य प्रतियोगिता शुरू हुई। प्रतिभागियों ने देशभक्ति और लोक संस्कृति पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां तथा पश्चिमी सिंहभूम के सोनुआ प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागियों ने अपनी उभरती प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुख्य वर्ग में जुस्को स्कूल साउथ पार्क, जमशेदपुर की रोनिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में संस्कार प्ले स्कूल की अनन्या प्रथम रहीं। भाग्यश्री (डीएवी एनआईटी, आदित्यपुर) और सोनुआ प्रखंड के प्रतिभागी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। मानविका (डीएवी एनआईटी) और आरोही (उड़िया उच्च विद्यालय) तृतीय स्थान पर रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष विनोद वार्ष्णेय ने की। संचालन उपाध्यक्ष एसडी प्रसाद ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. नथुनी सिंह ने किया। आयोजन को सफल बनाने में प्राचार्या उर्वशी, शिक्षिकाओं ज्योति, मुनमुन, आकृति, रिया, सुबीर, राज, ज्योति (योग), सुनील (ड्रॉइंग), अंजना और सावित्री का योगदान रहा। रविवार को संस्कार प्ले स्कूल में सुबह 10 बजे सामूहिक देशभक्ति नृत्य प्रतियोगिता आयोजित होगी।




