गम्हरिया। केरला पब्लिक स्कूल, गम्हरिया का 23वां वार्षिक खेलकूद समारोह विद्या ज्योति स्कूल मैदान में धूमधाम से आयोजित किया गया। पहली बार इस मैदान में आयोजित समारोह में विद्यार्थियों ने खेल प्रतिभा, अनुशासन, टीम भावना और उत्साह का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि टाटा स्टील के मैनेजर (स्पोर्ट्स) एवं अंतरराष्ट्रीय पैरा-बैडमिंटन खिलाड़ी उमेश विक्रम कुमार ने किया। इस अवसर पर अकादमिक डायरेक्टर लक्ष्मी आर., असिस्टेंट डायरेक्टर शांता वैद्यनाथन तथा टीजीएस के अधिकारी उपस्थित थे। समारोह का शुभारंभ आकर्षक मार्च पास्ट से हुआ। इसमें विद्यालय की टुकड़ी के साथ पृथ्वी, जल, अग्नि और वायु सदन के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इसके बाद 12 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने मशाल रिले के माध्यम से खेल भावना, साहस और उत्कृष्टता का संदेश दिया। खिलाड़ियों ने निष्पक्ष खेल की शपथ भी ली। इसके बाद मैदान में विभिन्न आयु वर्गों की दौड़, मैदानी प्रतियोगिताओं और सामूहिक खेलों का आयोजन हुआ। विद्यार्थियों ने अपनी गति, सहनशक्ति और शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया। प्री-प्राइमरी के नन्हे बच्चों की रंग-बिरंगी फूलों के साथ आकर्षक ड्रिल, प्राइमरी विद्यार्थियों का सामूहिक प्रदर्शन और योग की मनमोहक प्रस्तुति समारोह के मुख्य आकर्षण रहे। वहीं, रस्साकशी और शिक्षकों के मनोरंजक खेल ने दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। पृथ्वी सदन ने मारी बाजी प्रतियोगिताओं के आधार पर पृथ्वी सदन 229 अंक प्राप्त कर ओवरऑल चैंपियन बना। वायु सदन 188 अंकों के साथ उपविजेता, अग्नि सदन 142 अंकों के साथ तीसरे तथा जल सदन 127 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहा। सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी पुरस्कार में सब-जूनियर बालक वर्ग में महेश्वर मुर्मू और बालिका वर्ग में रेशमा मुर्मू, जूनियर वर्ग में शुभम देव टुडू और आस्था राय, सीनियर वर्ग में विक्की महतो, आयुष कुमार शर्मा और अनुष्का जायसवाल तथा सुपर सीनियर वर्ग में शिवम तिवारी, तिथिश पात्रा और अदिति कुमारी को सम्मानित किया गया। समारोह का सफल संचालन प्रधानाचार्या रश्मि सिन्हा एवं उपप्रधानाचार्या रश्मि ठाकुर के मार्गदर्शन में हुआ। खेल विभाग और शिक्षकों के योगदान से आयोजन सफल रहा।
healthLIVE
लेख सुनें
स्वचालित वॉयस
केरला पब्लिक स्कूल के वार्षिक खेलकूद समारोह में पृथ्वी सदन बना चैंपियन
केरला पब्लिक स्कूल, गम्हरिया का 23वां वार्षिक खेलकूद समारोह विद्या ज्योति स्कूल मैदान में धूमधाम से आयोजित किया गया।
लेखक: संवाददाता · 7 नवंबर 2026 · अपडेट: 12 नवंबर 2026
👁10 पाठक
3 मिनट पठन
📰
स्वतंत्र पत्रकार
प्रोफ़ाइल देखें →स्वतंत्र, निर्भीक और जन-केंद्रित पत्रकारिता। झारखंड और भारत से जमीनी रिपोर्टिंग।
📅 7 नवंबर 2026⏱️ 3 मिनट पढ़ें👁️ 10 बार पढ़ा गया✍️ संवाददाता




