गम्हरिया । प्रखंड के सुदूर आदिवासी बहुल पंचायत बुरुडीह के प्राथमिक विद्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 153 रक्त यूनिट संग्रह किया गया। इसमें ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। इस दौरान गांव की दो आदिवासी महिलाओं में बाहा मार्डी व लुखीमनी बेसरा ने पहली बार रक्तदान कर सामाजिक जागरूकता और मानव सेवा की मिसाल पेश की। आदिम जुवान जुमीद गांवता, गम्हरिया बुरुडीह के संयुक्त प्रयास तथा नई जिंदगी परिवार, जमशेदपुर और जमशेदपुर ब्लड बैंक के सहयोग से इस शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ झामुमो के केंद्रीय सदस्य सह वरिष्ठ नेता कृष्णा बास्के की ओर से सिद्धो कान्हू की तस्वीर पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में झामुमो के वरिष्ठ नेता केपी सोरेन भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि कृष्णा बास्के ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रक्तदान के प्रति लोगों का बढ़ता उत्साह सराहनीय है। पुरुषों के साथ महिलाओं का भी आगे आकर रक्तदान करना समाज में बढ़ती जागरूकता को दर्शाता है। कृष्णा बास्के, केपी सोरेन, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष भोमरा माझी और जमशेदपुर ब्लड सेंटर के जीएम संजय चौधरी ने सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति सम्मान पत्र के साथ उपहार देकर सम्मानित किया। कृषि कर्मण पुरस्कार विजेता पूर्व मुखिया सोरेन हेम्ब्रम, ट्राइबल ब्लड मैन 81 बार के रक्तदाता राजेश मार्डी व 36 बार के रक्तदाता सीताराम हेम्ब्रम ने सभी रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया। शिविर को सफल बनाने में मुख्य रूप से सीताराम हेम्ब्रम, सुधीर किस्कू, गणेश टुडू, बलराम सोरेन, होपना बेसरा, राजेश मार्डी, लक्ष्मण टुडू, धनीराम हांसदा, शंभू टुडू, शिकार मुर्मू, समीर टुडू, गोपाल हेम्ब्रम, राजेश टुडू, रायसेन टुडू आदि का सराहनीय योगदान रहा ।